संसाधन 2: अंग्रेज़ी भाषा के दो खेल

आप अपने छात्रों को सक्रिय रूप में अंग्रेजी सुनने को प्रोत्साहित कर सकते हैं और आपके द्वारा उपयोग की गई अंग्रेज़ी के लिए प्रतिक्रिया देने का संकेत कर सकते हैं। आप इस बात का निरीक्षण कर सकते हैं कि आपकी बात को छात्र कितना समझते हैं। छात्र अपने साथियों को देखकर भी सीख सकते हैं। खेलों में, आप घरेलू भाषा और साथ ही अंग्रेज़ी का भी उपयोग कर सकते हैं, ताकि सहभागिता बढ़े।

‘Do What I Say’

शिक्षक मौखिक निर्देश देते हैं और बच्चे उन्हें सुनकर वे क्रियाएँ करते हैं।

सरल निर्देशों के साथ शुरुआत करें।

जब छात्र प्रगति करने लगे, तो खेल को अधिक उन्नत बनाएँ। आप खेल को अलग अलग विषयों के अनुकूल भी बना सकते हैं।

  • ‘Touch your nose.’
  • ‘Touch your partner’s back.’
  • ‘Hold up five fingers.’
  • ‘Point to someone who has long hair.’
  • ‘Put your pencil on the floor.’
  • ‘Put your pencil under the chair.’
  • ‘If you like mangoes, clap your hands.’
  • ‘If you don’t like bananas, make a face.’
  • ‘If Delhi is capital of India, put up your hands.’
  • ‘If plants grow with the help of sunlight, nod your head.’

कुछ छात्र बेशक दूसरों की नकल करेंगे, लेकिन खेल का उद्देश्य यह है कि हर कोई अंग्रेज़ी सुनें और प्रतिक्रिया दे। इस प्रकार वे शारीरिक वर्णनों के लिए शब्दावली, स्थितियाँ, पसंद और नापसंद, विशिष्ट विषयों के लिए भाषा, सामान्य ज्ञान के लिए भाषा आदि सीख सकते हैं।

अपनी कक्षा में इस तरह की गतिविधि का प्रयास करने के लिए सुनिश्चित करें कि आप बच्चों और उनके ज्ञान के स्तर के अनुरूप क्रियाओं और परिस्थितियों को चुनें। आप अंग्रेजी से जुड़ी क्रियाओं का प्रदर्शन करके दिखा सकते हैं, विशेषकर तब जब ये शब्द नए हों, या जब छात्रों को कठिनाई हो रही हो। छात्रों को सुनने और प्रतिक्रिया देने के लिए समय दें। उन्हें अंग्रेज़ी का उच्चारण करने की आवश्यकता नहीं है – उन्हें केवल यह दिखाना है कि वे आपकी बात समझते हैं। आप और आपके छात्र खेल में सहभागिता को बढाने के लिए अंग्रेज़ी और घर की भाषा को मिला सकते हैं।

‘Guess Who’

कक्षा को दो समूहों में बाँटें। समूह 1 को आपस में किसी वस्तु या व्यक्ति के बारे में सोचना है, समूह 2 को प्रश्न पूछकर यह अनुमान लगाना है कि वह कौन व्यक्ति या वस्तु है। समूह 1 केवल ‘yes’ या ‘no’ में उत्तर दे सकता है। एक शिक्षक के रूप में आपको प्रश्न पूछने में समूह 2 की मदद करनी चाहिए। यह खेल इस तरह तैयार करें:

ऐसी छः वस्तुओं और व्यक्तियों के बारे में सोचें, जिन्हें समूह 1 द्वारा गुप्त रूप से चुना जा सकता है – ये छात्रों की परिचित वस्तुएँ हो सकती हैं, जैसे कोई कुर्सी, टेबल, चम्मच, टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल या पुस्तक। ये कोई काम करने वाले लोग भी हो सकते हैं, जैसे डाकिया, ड्राइवर, रसोइया, शिक्षक, डॉक्टर, नर्स या पुलिसकर्मी। इसके बाद उन सभी शब्दों के बारे में सोचें, जिनका उपयोग करके इन वस्तुओं और लोगों का वर्णन किया जा सकता है। इसके बाद यह सोचें कि इन शब्दों का उपयोग करके किस तरह के प्रश्न पूछे जा सकते हैं।

समूह 1 को इन छः वस्तुओं या व्यक्तियों में से कोई एक चुनकर उसे राज रखने को कहें। समूह 1 के छात्रों को याद दिलाएँ कि सभी व्यवसायों में स्त्रियाँ और पुरुष दोनों ही हो सकते हैं। यहाँ कुछ उदारहण हैं:

  • लोगों के लिए (डाकिया, ड्राइवर, रसोइया, शिक्षक, डॉक्टर, नर्स या पुलिसकर्मी):
    • ‘Is it a man or a woman?’
    • ‘Does the person wear a uniform?’
    • ‘Is the uniform white?’
    • ‘Does the person use chalk/a stethoscope/a thermometer/a bicycle?’
    • ‘Does the person work in a hospital/school/kitchen/police station?’
  • वस्तुओं के लिए (कुर्सी, टेबल, चम्मच, टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल, और एक पुस्तक):
    • आकार के शब्दः ‘Is it big? Is it small?’
    • आकृति के शब्दः ‘Is it round? Is it square? Is it long?’
    • रंग के शब्दः ‘Is it white? Is it black? Is it coloured?’
    • सामग्री के शब्दः ‘Is it made of plastic/paper/wood/leather/steel?’
    • उपयोग–के शब्दः ‘Is it used for writing/reading/cutting/keeping things?’
    • स्थान के शब्दः ‘Is it here in your bag/in this room/in school/in every house?’

कक्षा में खेल खेलने से पहले, यह आवश्यक है कि आप खुद अंग्रेज़ी में इन शब्दों का अभ्यास करने के लिए समय निकालें। यदि संभव हो, तो किसी साथी शिक्षक को सहयोगी बनाकर उनके साथ ’Guess Who’ खेलें।

संसाधन 3: अंग्रेज़ी में बोलने और सुनने को प्रोत्साहित करने के लिए गतिविधियाँ