3 बिग बुक (Big Book) बनाना और उपयोग करना

अगली गतिविधि में आप अपने द्वारा चुने गए पाठ की एक बिग बुक बनाएंगे।

गतिविधि 3: बिग बुक (Big book) बनाना – गतिविधि का नियोजन

यह पाठ की तैयारी हेतु आपके द्वारा किये जाने की गतिविधि है।

अधिक पाठ और चित्रों से युक्त बिग बुक एक अच्छा संसाधन होती है जिसे समझना विद्यार्थियों के लिए आसान होता है। विद्यार्थियों को भी अपनी बिग बुक बनाने, अपनी पसंद की किसी कहानी की नकल करने और उसे चित्रित करने या खुद अपनी कहानी या कविता को लिखने में आनंद आता है।

आप सारी कक्षा के लिए एक बिग बुक का उपयोग कर सकते हैं, या आप एक समूह को एक बिग बुक दे सकते हैं और एक या दो सक्षम या बड़े बच्चों को पठन का नेतृत्व करने को कह सकते हैं।

  • गतिविधि 2 में साझा पठन के लिए आपके द्वारा चुना गया पाठ लें।
  • पाठ को दो से तीन वाक्यों वाले भागों में बाँट लें।
  • इन भागों में से प्रत्येक को कागज के टुकड़ों पर बड़े अक्षरों में लिखें। कागज की एक शीट पर दो या तीन से अधिक वाक्य न लिखें।
  • प्रत्येक शीट को उपयुक्त ढंग से चित्रित करें। आप उस पर चित्र चिपका भी सकते हैं या विद्यार्थियों से चित्र बनाने को भी कह सकते हैं।
  • कहानी के लिए एक आकर्षक मुखपृष्ठ की परिकल्पना करें, या विद्यार्थियों द्वारा कहानी को पढ़ लेने के बाद उनसे मुखपृष्ठ की परिकल्पना करने को कहें।
  • सभी शीटों को मुखपृष्ठ के साथ मिलाकर पिन लगाएं/बाधें।

आप पुनर्चक्रित (recycled) सामग्रियों से अपनी बिग बुक (Big book) के लिए एक सरल स्टैंड बना सकते हैं।

चित्र 3 में अध्यापिका को उनके विद्यार्थियों के साथ देखें। उन्होंने बिग बुक के लिए कार्ड बोर्ड का सरल स्टैंड बनाया है।

चित्र 3 एक अध्यापिका ने बड़ी पुस्तक के लिए स्टैंड बनाने के लिए कार्डबोर्ड का उपयोग किया है।

गतिविधि 4: अपने विद्यार्थियों के साथ अपनी बिग बुक (Big book) का उपयोग करना

अब बिग बुक को ऊँचे स्वर में, धीरे-धीरे और साफ-साफ पढ़ने का अभ्यास करें। उत्साह और अभिव्यक्ति के साथ पढ़ें। यदि संभव है तो स्वयं को रिकार्ड करें (आप इस कार्य के लिए अपने मोबाइल फोन का उपयोग कर सकते हैं), या किसी साथी या अपने परिवार के किसी सदस्य के सम्मुख ऊँचे स्वर में पढ़ सकते हैं।

पढ़ते समय हर शब्द की ओर अपने हाथ या छड़ी से इशारा करें। अपने हाथ या छड़ी को शब्दों के ठीक नीचे रखकर चलाएं, ताकि विद्यार्थी आपके पढ़ते समय हर शब्द को देख सकें।

कहानी या कविता को पढ़ने से पहले उन शब्दों की सूची बना लें जिनसे आप विद्यार्थियों का परिचय करवाना चाहते हैं। इन शब्दों से परिचय आप कैसे करवाएंगे? क्या आप उनका अर्थ समझाने के लिए हिंदी या स्थानीय भाषा के पिक्चर कार्डों का उपयोग करेंगे? भाषा से संबंधित ऐसी विशेष बातों को नोट करें जिन पर आप ध्यान देना चाहते हैं, जैसे:

  • चरित्रों का वर्णन
  • वर्ण और ध्वनियाँ
  • तुकांत शब्द/लय–ताल वाले शब्द
  • नई शब्दावली
  • शब्द पहचानने को सुदृढ़ करना
  • वाक्यों की रचनाएं और व्याकरण
  • नये विचार

सोचें कि आप विद्यार्थियों का पाठ से परिचय कैसे कराएंगे और उन्हें पठन के लिए कैसे नियोजित करेंगे।

पाठ में उन बिंदुओं की पहचान करें जहाँ आप रुक कर विद्यार्थियों से किसी शब्द या तुकबन्दी का पूर्वानुमान करने को कह सकते हैं, या पूछ सकते हैं कि आगे क्या होने वाला है।

सोचें कि आप पठन के बाद विद्यार्थियों की समझ का मूल्यांकन कैसे करेंगे।

पूरी कक्षा या छोटे समूहों में सप्ताह भर चलने वाले साझा पठन सत्र में अपनी बिग बुक आजमाएं। क्या आपके विद्यार्थियों को गतिविधि में मज़ा आया? क्या आपको Big book का उपयोग करने में मज़ा आया? क्या सभी विद्यार्थी आपको सुन पाए और Big book को देख सके?

विद्यार्थियों की समझ का मूल्यांकन करने का एक प्रभावी तरीका है उनसे पाठ को दोबारा सुनाने को कहना। विद्यार्थी यह काम जोड़ियों या छोटे समूहों में, या व्यक्तिगत रूप से भी कर सकते हैं। इससे विद्यार्थियों को अंग्रेजी बोलने का अभ्यास करने के अवसर मिलते हैं। बड़े और अधिक सक्षम विद्यार्थी अपनी समझ के विषय में लिख सकते हैं।

2 साझा पठन के लिए पाठ का चयन करना

4 पठन के बाद की गतिविधियों का उपयोग करना