1 रोजमर्रा की अंग्रेज़ी क्या है?

आपको सबसे पहले यह सोचना होगा कि ‘रोजमर्रा की अंग्रेजी’ क्या है और आप अपने समुदाय में एक संसाधन के रूप में इस तक कैसे पहुँच सकते हैं।

गतिविधि 1: रोजमर्रा की अंग्रेजी क्या है?

भारत में, अधिकांश समुदाय कई भाषाओं का उपयोग करते हैं। इसका अर्थ यह है कि स्कूल आने वाले कई छात्र एक से ज्यादा भाषा बोलते हैं। हमारे समाज में अंग्रेज़ी की मौजूदगी के कारण, छात्र अपनी दैनिक बातचीत में भी नियमित रूप से कुछ अंग्रेज़ी शब्दों का उपयोग करते होंगे, भले ही उन्हें यह अहसास न हो कि ये अंग्रेज़ी के शब्द हैं।

हमारी रोजमर्रा की भाषा में, हम अक्सर आम वस्तुओं और गतिविधियों के लिए अंग्रेज़ी शब्दों का उपयोग करते हैं। उदाहरण के लिए, हममें से जो लोग शहरों में रहते हैं, उन्हें holidays मिलते हैं, हम factories या offices, में काम करते हैं और हम school में एक bag के साथ जाते हैं, जिसमें books, pens, pencils और water bottles होते हैं, हम roads.पर buses में यात्रा करते हैं। जो लोग शहरों में नहीं रहते हैं, उन्हें भी कई अंग्रेज़ी शब्द आते होंगे। उदाहरण के लिए, ‘post office’ और ‘bus stop’शब्दों को लोग पूरे भारत में समझ लेते हैं। कुछ नए हाइवे पर अब रोड टोल या ‘tax’ वसूला जाता है। कई लोग इन शब्दों का अर्थ सीख गए हैं, जबकि उन्हें अलग से इन शब्दों को अंग्रेजी में बोलना सिखाया नहीं गया है।

आप रोजमर्रा के अंग्रेजी शब्दों को जानते हैं? उनकी सूची बनाएँ और आप उनमें से जिन शब्दों का कक्षा में उपयोग करते हैं, उन्हें चिह्नित करें। क्या आपके बच्चों को भी ये शब्द मालूम हैं? सूची में उन शब्दों को हाइलाइट करें, जो आपके छात्रों को मालूम हों।

समुदाय में दिखाई और सुनाई देने वाली अंग्रेज़ी को समझने की कोशिश करते समय बच्चों का ध्यान इसका अर्थ समझने पर केंद्रित होता है। वे यह भूल सकते हैं कि वे भाषा भी सीख रहे हैं। जब आप रोजमर्रा की अंग्रेज़ी का अपना और अपने छात्रों का ज्ञान आगे बढ़ाते हैं, तो आप सही व सटीक अंग्रेज़ी सीखने में उनकी मदद करते हैं − यानी ऐसी अंग्रेजी, जिसका उपयोग वे कक्षा के बाहर वास्तविक दुनिया में भी कर सकते हैं।

गतिविधि 2: रोजमर्रा की अंग्रेजी–गतिविधि का नियोजन

अपने खुद के समुदाय के बारे में सोचें और विचार करें कि आपके अनुसार निम्नलिखित अंग्रेज़ी संसाधनों में से कौन-से संसाधन आपके लिए और आपके बच्चों के लिए उपलब्ध हैं:

  • पत्रिकाएँ
  • अख़बारों के लेख
  • विज्ञापन
  • खेल रिपोर्टें
  • लोकप्रिय गीत
  • रस्टोरेंट के मेनू कार्ड
  • सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड
  • दुकानों में लगे साइन बोर्ड
  • पर्यटक सूचना पत्र
  • नक्शे
  • टिकट
  • कॉमिक्स
  • ग्रीटिंग कार्ड
  • बस की समय सारिणी
  • टी-शर्ट
  • कैलेंडर
  • खाद्य पदार्थों या चिकित्सा उत्पादों के कवर
  • सिनेमा
  • रेडियो
  • टेलीविजन
  • इन्टरनेट।

अगले कुछ सप्ताहों तक अपने साथ एक कॉपी रखें। आपको अपने समुदाय में जितनी भी अंग्रेज़ी देखने और सुनने को मिलती है, उसके बारे में टिप्पणी दर्ज करते जाएँ। इन्हें आपके द्वारा गतिविधि 1 में बनाई गई सूची में जोड़ें। यदि ऐसे कुछ शब्द हैं, जिन्हें आप नहीं पहचान पाते हैं, तो उनके अर्थ किसी शब्दकोश में ढूँढें। शब्दों को सीखने में सरलता के लिए अपनी कॉपी में इनकी परिभाषा लिखें।

क्या कोई ऐसी जगहें हैं, जहाँ अंग्रेज़ी का उपयोग दिखने या सुनाई देने की संभावना ज्यादा है? ये कौन-सी जगहें हैं? आपको ऐसा क्यों लगता है कि आपको इन जगहों पर अंग्रेज़ी ज्यादा देखने या सुनने को मिलती है? रोजमर्रा की अंग्रेज़ी के कुछ उदाहरण चित्र 1 में दर्शाए गए हैं, जिनसे आपको कुछ विचार मिल सकते हैं।

चित्र 1 समुदाय में अंग्रेज़ी के उदाहरण: (a) पैकेजिंग पर; (b) मोबाइल फोन सेवाओं के एक विज्ञापन में; (c) बच्चों की टी-शर्टों पर; (d) गाँव की दीवार पर लगे एक विज्ञापन में (e) स्कूल में द्विभाषी साइनबोर्ड पर; (f) सड़क किनारे लगे साइनबोर्ड पर।

अपनी सूची बना लेने के बाद, इसकी समीक्षा करें और इस बारे में सोचें कि क्या आपके छात्रों की भी इन स्थानों पर अंग्रेज़ी से संपर्क होने की संभावना है। क्या वे इस भाषा से परिचित होंगे? आप अपने भाषा पाठों में जो शब्द और वाक्यांश सिखाते हैं, क्या उनमें से कुछ स्थानीय पर्यावरण में भी मौजूद हैं? आपने जो उदाहरण इकट्ठे किए हैं, क्या आप उनमें से कुछ का उपयोग कक्षा में कर सकते हैं?

अपने स्कूल के आस-पास उपलब्ध सामुदायिक संसाधानों को प्राप्त करने के तरीकों की और अधिक जानकारी के लिए संसाधन 1, ‘स्थानीय संसाधनों का उपयोग करना’ देखें।

आप इस इकाई में क्या सीख सकते हैं

2 पता लगाएँ कि आपके छात्र कितनी अंग्रेज़ी जानते हैं