4 सीखने की क्रिया को बढ़ावा देने के लिए अवधारणा मानचित्रण का उपयोग करना

बात–चीत और बहस के माध्यम से अवधारणा मानचित्रण, सीखने की क्रिया को बढ़ावा दे सकता है। यह एक उद्देश्यपूर्ण क्रियाकलाप होता है, जिसमें कोई एक सही उत्तर नहीं होता है। यदि आप अपने विद्यार्थियों से दो से पांच के समूह में अवधारणा मानचित्र बनवाएं, तो आप संपर्कों पर की जा रही उनकी चर्चा को सुन सकते हैं। इससे न केवल आपको उनकी समझ के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी, बल्कि आप उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित कर पाएंगे जहां उन्हें मुश्किल हो रही है। जब आप समूहों के इर्द-गिर्द घूमेंगे तो उन विद्यार्थियों को भी मदद दे सकेंगे जिन्हें मानचित्र बनाने की प्रक्रिया समझने के लिए अतिरिक्त मदद चाहिए। यदि विद्यार्थियों से अन्य समूहों के अवधारणा मानचित्रों पर टिप्पणियां करवाई जाएं, तो वे और भी ज्यादा सीख सकते हैं। अवधारणा मानचित्रण एक बेहद विद्यार्थी-केंद्रित क्रियाकलाप है, जिसे आसानी से व्यक्ति-विशेष को सिखाया जा सकता है।

विचार के लिए रुकें

इस तरह से अवधारणा मानचित्र का उपयोग करने के लिए आपकी शिक्षक की भूमिका पर क्या? व कैसे प्रभाव पड़ेगा?

आप अपने शिक्षण में अवधारणा मानचित्रों का उपयोग कई तरीकों से कर सकते हैं। उदाहरण के लिए आप अपने विद्यार्थियों को कुछ खाली बक्सों वाला अवधारणा मानचित्र देकर उनसे पूछ सकते हैं कि खाली बक्सों में क्या आएगा? इसी प्रकार आप उन्हें अवधारणा मानचित्र देकर, संपर्क शब्द पूरे करवा सकते हैं। संसाधन 5 अवधारणा मानचित्र के कुछ उदाहरण और उनके उपयोग के तरीकों का विस्तृत विवरण प्रदान करता है।

विचार के लिए रुकें

क्या आप अवधारणा मानचित्रों का उपयोग करने के कुछ और तरीके सुझा सकते हैं?

कार्य करने के कई तरीके होने से विद्यार्थियों को आपस में बात करने के मौके मिलते हैं और इससे वे अपने विचार साझा कर पाते हैं और अपनी समझ एवं आत्मविश्वास विकसित करते हैं। एक शिक्षक के रूप में आप, ज्ञान दाता होने की बजाए वजाय एक मार्गदर्शक और एक सुगमकर्ता बन जाते हैं।

केस स्टडी 3: सीखने की क्रिया को बढ़ावा देना

इस केस स्टडी में, श्रीमती कपूर अपनी छठवीं कक्षा को घुलनशीलता के बारे में पढ़ाते समय अवधारणा मानचित्र का उपयोग करती हैं।

मैं अपने पाठों में अवधारणा मानचित्रण का काफ़ी उपयोग करती हूँ। मेरे विद्यार्थियों को इसकी आदत हो चुकी है और उन्हें इसमें काफ़ी आनन्द आता है।

मैं अपनी कक्षा को घुलनशीलता के बारे में पढ़ा रही थी। विद्यार्थी यह खोज कर रहे थे कि जल में विभिन्न पदार्थों की घुलनशीलता क्या है? और तापमान, घुल सकने वाले पदार्थ की मात्रा को कैसे प्रभावित करता है? कुछ विद्यार्थियों को यह विषय कठिन लगता है, इसमें इतने सारे पारिभाषिक शब्द और अवधारणाएं हैं कि वे गलतफहमियों में आ जाते हैं। इस विषय के मुख्य विचारों को उनके मन में सुदृढ़ करने के लिए मैंने विषय के अवधारणा मानचित्र को ब्लैक बोर्ड पर बना दिया परन्तु उसमें सम्पर्क रेखायें नहीं बनायी [संसाधन 5]। विद्यार्थियों ने तीन या चार के छोटे-छोटे समूहों में कार्य करते हुए मानचित्र को पूरा कराया।

विद्यार्थियों ने इस क्रियाकलाप में काफी आनन्द लिया और यह उनके लिए काफ़ी उपयोगी भी रहा। इससे उन्हें पारिभाषिक शब्द और अवधारणाएं सीखने में मदद मिली साथ ही ढेर सारे रिकार्ड लिखने के स्थान पर उन्हें एक आरेखी दृश्य मिल गया। मुझे कुछ समूहों की मदद करनी पड़ी। इसके लिए मैंने उनसे प्रश्न पूछे, जिससे वे जोड़ों या शब्दों पर ध्यान केंद्रित करें। उन्हें यह याद करने में मदद की कि उन्होंने कक्षा में क्या किया था? परन्तु सभी समूहों ने अवधारणा मानचित्र पूरे कर लिए।

विचार के लिए रुकें

श्रीमती कपूर ने जिस तरीके से अवधारणा मानचित्र का प्रयोग किया, वह सीखने की कार्यनीति का मूल्यांकन होने से ज्यादा एक शिक्षण कार्यनीति कैसे है?

आप, अपने शिक्षण को अनुकूलित कर सकें, इसके लिए आपके विद्यार्थी क्या समझते हैं? यह पता लगाने में अवधारणा मानचित्र हमेशा उपयोगी होते हैं। इस लिए अवधारणा मानचित्रण सीखने की कार्यनीति एक बेहद उपयोगी मूल्यांकन है। परन्तु, जब विद्यार्थी समूहों में कार्य करते हुए अवधारणा मानचित्र बनाते हैं, तब आपको इससे यह पता नहीं चलता कि वे अलग-अलग क्या समझते हैं? अतः बात–चीत करने और विचार साझे करने में इसका मूल्य अधिक है।

अब आप अपनी कक्षा को अवधारणा मानचित्रण का उपयोग करते हुए एक पाठ पढ़ाने जा रहे हैं। आप ऐसा तभी कर सकते हैं, जब आप अपने विद्यार्थियों को अवधारणा मानचित्र बनाना सिखा चुके हों।

आपको पहले से अवधारणा मानचित्र क्रियाकलाप का उद्देश्य तय करना होगा। उदाहरण के लिए क्या आप इसका उपयोग–

  • किसी विषय के अंत में अपने विद्यार्थियों की समझ का मूल्यांकन करने के लिए करेंगे?

  • किसी विषय को पढ़ाने से पहले यह पता लगाने में करेंगे कि वे पहले से क्या जानते हैं?
  • श्रीमती कपूर की तरह, चर्चा और विचारों को साझा करने को बढ़ावा देने के लिए करेंगे?

वैकल्पिक तौर पर, आप संसाधन 6 में दिया गया कोई विचार प्रयोग कर सकते हैं।

गतिविधि 4: अपने शिक्षण में अवधारणा मानचित्रण का उपयोग करना

इससे पहले कि आपके विद्यार्थी अवधारणा मानचित्रण क्रियाकलाप करें, आपको उन्हें यह याद दिलाना होगा कि अवधारणा मानचित्र कैसे बनाते हैं?

यदि आप इस क्रियाकलाप का उपयोग अपने विद्यार्थियों की समझ का मूल्यांकन करने के लिए कर रहे हैं, तो आप पहले से शब्द चुन सकते हैं और उनसे संसाधन 2 में दी गई कार्यविधि करवा सकते हैं। अवधारणा मानचित्र बनाने में थोड़ा समय लग सकता है। आपको क्रियाकलाप के लिए कितना समय देना है, यह आपके द्वारा चुने गए कार्य की प्रकृति पर निर्भर करेगा। सत्र से पहले इसे स्वयं करके देखना अच्छा विचार है।

जब आपके विद्यार्थी अवधारणा मानचित्र बनाएं, ततो उस दौरान आपको कक्षा मे घूम कर यह अवश्य जांचना चाहिए कि वे समझ रहे हों कि उन्हें क्या करना है, और यदि उन्हें कठिनाई हो रही हो, तो उनकी मदद करनी चाहिए। यदि संपर्क बनाने में उन्हें बहुत परेशानी हो रही हो, तो आप उनके साथ बैठ कर भी कार्य कर सकते हैं।

उनके मानचित्र एकत्र कर लें, जिससे बाद में आप उनका निरीक्षण कर सकें।

विचार के लिए रुकें

अवधारणा मानचित्र क्रियाकलाप पूरा कर लेने के बाद, निम्नलिखित प्रश्नों पर सोचें और रिकार्ड बनाएं:

  • क्रियाकलाप की तैयारी करने में आपको कितना समय लगा? क्या कोई ऐसी तैयारी थी? जो आपने पाठ से पहले नहीं की और बाद में आप चाहते हैं कि वह पाठ से पहले कर लेनी चाहिए थी ?
  • अवधारणा मानचित्रण के क्रियाकलाप पर विद्यार्थियों ने किस प्रकार प्रतिक्रिया दी? क्या उन्हें गतिविधि में आनंद आया? क्या उन्हें यह कठिन लगा? यदि हां तो, क्यों?
  • आपके विचार में आपके विद्यार्थियों को इस क्रियाकलाप से क्या लाभ हुआ?
  • इसमें क्या सुधारा जा सकता है? यदि आप इसे दोबारा करें, तो आप अपनी पद्धति में क्या बदलाव लाएंगे?

वीडियो: निगरानी करना और फीडबैक देना

सभी विद्यार्थियों की मदद करना

5 सारांश