4 अपनी खुद की कहानी और खुद का ग्राफ़ बनाना

अब तक इस इकाई में, ध्यान इस पर केंद्रित किया गया कि ग्राफ़ कौन–सी कहानी कहते हैं; यानी, ग्राफ़ की व्याख्या पर ध्यान केंद्रित किया गया। ग्राफ़ की रचना करना और व्याख्या करना बेहद करीब से जुड़े हुए हैं; हालांकि, ग्राफ की रचना करने में सोचने का दूसरा तरीका भी शामिल होता है। केवल एक विश्वसनीय लगने वाली कहानी गढ़ने के बजाय, इसमें कहानी को ग्राफ़ में प्रस्तुत करना और इसके सभी तत्वों की ओर ध्यान देना, और फिर यह जांचना पड़ता है कि वह ग्राफ़ वांछित कहानी बताता है या नहीं।

इन कौशलों का अभ्यास करने के लिए, अगली गतिविधि विद्यार्थियों से एक एक्शन फिल्म के लिए पटकथा लिखने और उस कहानी को बताने के लिए एक ग्राफ़ की रचना करने के लिए कहती है। आप अपने विद्यार्थियों से शुरू के पांच मिनट अपना पसंदीदा एक्शन हीरो चुनने के लिए कह सकते हैं – वे शक्तिमान या क्रिश से कंगना राणावत या जेम्स बॉण्ड भी चुन सकते हैं।

गतिविधि 5: एक नजर में

अपने विद्यार्थियों को समझाएं कि उन्हें निम्न संकेतों का उपयोग करते हुए इस गतिविधि में क्या करना हैः

आप एक बड़ी एक्शन फिल्म के लिए पटकथा लिख रहे हैं! आप जिस दृश्य पर काम कर रहे हैं उसमें हीरों को एक घंटे के अंदर वह जहां हैं – यांनी अभी आप गणित की जिस कक्षा में हैं – वहां से जितना हो सके उतना दूर निकल जाना है! यह समय के साथ होने वाली दौड़ है। व्हीलबैरो (एक पहिये पर चलने वाला तख्ता) या रोलर स्केट्स सहित, परिवहन के किसी भी साधन का उपयोग किया जा सकता है, बशर्ते कि वह बुद्धिसंगत और फिल्माए जा सकने योग्य हो। उदाहरण के लिए, विद्यालय के खेल के मैदान से उड़ान भरने वाला हवाई जहाज बुद्धिसंगत नहीं होगा, क्योंकि हवाई जहाज़ को उड़ान के लंबे रनवे की जरूरत होती है।

अपने मार्ग का ब्यौरा दें और एक ग्राफ़ बनाकर अपनी कहानी बताएं।

  1. आपने जो विकल्प चुने हैं, उनके लिए कारण बताएं। हीरो कितनी दूर जा पाएगा?
  2. अपने ग्राफ़ को अपने मित्र के साथ साझा करें और ग्राफ़ से एक–दूसरे की कहानियों की रचना करने का प्रयास करें। क्या आपकी कहानी उससे मिलती है जो आपने ग्राफ़ में चित्रित किया है? क्या आपको कुछ बदलाव करने होंगे ?
  3. इसके बाद कई विद्यार्थियों को कहें कि वे अपनी कहानियां कक्षा में प्रस्तुत करें – क्या अन्य विद्यार्थी उनकी कहानी के अनुसार ग्राफ़ बना सकते हैं?

आप संसाधन 4, ’कहानी सुनाना, गीत, रोल–प्ले और नाटक’ में और अधिक पढ़ सकते हैं।

केस स्टडी 4: गतिविधि 5 के उपयोग का अनुभव अध्यापिका एलीशा बताती हैं

मैं यह गतिविधि करने को लेकर थोड़ी सशंकित थी। हालांकि, यह खूब मजेदार और रोचक लगी, और विद्यार्थियों के लिए उनकी कल्पना का उपयोग करने का अवसर लगी। मुझे चिंता नहीं करनी चाहिए थी – उन्हें यह बहुत पसंद आयी! मैंने इस गतिविधि के भागों पर कुछ समय सीमा तय कर दीः 20 मिनट उनकी पटकथा और ग्राफ़ तैयार करने के लिए, फिर 20 अतिरिक्त मिनट कहानियां और ग्राफ़ अदल–बदल करने और बदलाव करने के लिए। मैंने इसके लिए अपने मोबाइल फोन की स्टॉपवाच का उपयोग किया। हालांकि मुझे लगा कि शायद यह इतना समय पर्याप्त न हो, लेकिन विद्यार्थियों को इससे कोई दिक्कत नहीं हुई। यह इस गतिविधि में ’समय से खिलाफ दौड़’ का हिस्सा प्रतीत हुआ।

परिणाम स्वरूप, कक्षा सक्रिय हो गई और विद्यार्थियों ने जल्दबाजी में कार्य किया। कुछ विद्यार्थी फंस गए और उन्होंने मदद मांगी। मैंने निर्णय किया कि उनके लिए सबसे बेहतर मदद यह रहेगी कि वे उदाहरण देख सकें, इसलिए मैंने उन्हें कहा कि वे अपने सहपाठियों से पूछें कि वे उनका कार्य देख सकते हैं या नहीं। इसका प्रभाव यह दिखा कि उन विद्यार्थियों ने अपनी खुद की कहानियां तैयार करते हुए भी सहयोगात्मक और सहायक तरीके से कार्य किया, जिससे देखकर बहुत अच्छा लगा।

अंत में विद्यार्थियों ने अपने ग्राफ़ और कहानियां कई अन्य विद्यार्थियों से साझा की। वे सभी यह देखने के लिए उत्सुक थे दूसरों ने क्या किया था। वे अपने कार्य के लिए गौरवान्वित थे और अपनी इच्छा से उन्होनें पूछा कि क्या वे इसे अपने परिवार में दिखाने के लिए घर ले जा सकते हैं। मैंने इसकी सहमति दे दी। मैंने उन्हें बुद्धिसंगत पैमाने, उपयुक्त ढंग से लेबल वाले अक्ष और शीर्षक वाले ’सर्वोत्तम’ ग्राफ़ के साथ, अपने कार्य का सुधरा हुआ संस्करण तैयार करने और फिर कक्षा की दीवारों पर लगाने के लिए भी कहा। मैं उनकी कहानियों और ग्राफ़ में उपयुक्त गणित की गुणवत्ता से बेहद प्रभावित हुआ।

विचार के लिए रुकें

  • विद्यार्थियों से किस प्रकार की प्रतिक्रिया अनपेक्षित थी? और क्यों?
  • क्या किसी भी समय आपको ऐसा लगा कि हस्तक्षेप करना चाहिए?
  • क्या आपने कार्य में किसी भी तरीके का संशोधन किया? अगर हाँ, तो इसके पीछे आपका क्या तर्क था?

3 कहानी विकसित करते समय चर राशियों के बीच क्या होता है ?

5 सारांश