3 गीतों का उपयोग करना

कई अंग्रेजी गीत रेडियो पर बजाए जाते हैं। यदि आप हिंदी, तमिल, तेलुगु या किसी अन्य भारतीय भाषा के लोकप्रिय गीत सुनते हैं, तो आप संभवतः बहुत सारे अंग्रेजी शब्द और वाक्यांश भी सुनते होंगे। अंग्रेजी शब्दों से युक्त गीतों का उपयोग करना आपके छात्रों को अंग्रेजी सीखने के लिए प्रेरित करने और अनौपचारिक ढंग से अंग्रेजी का अभ्यास करने में उनकी मदद करने का अच्छा तरीका हो सकता है।

अंग्रेजी गीतों का उपयोग सुनने की गतिविधियों में, नई शब्दावली सीखने के लिए, और साथ–साथ गाकर उच्चारण का अभ्यास करने के लिए किया जा सकता है। उनका उपयोग बोलने या लिखने की गतिविधि के लिए प्रोत्साहक के रूप में भी किया जा सकता है। केस स्टडी 2 एक अध्यापिका के बारे में है जो अपने अंग्रेजी पाठों के लिए एक लोकप्रिय गीत का उपयोग करती हैं। (उनके द्वारा प्रयुक्त गीत के बोलों के लिए संसाधन 2 देखें।)

केस स्टडी 2: श्रीमती सिंह अंग्रेजी शब्दों से युक्त एक स्थानीय भाषा के गीत का उपयोग कक्षा में करती हैं

श्रीमती सिंह माध्यमिक अंग्रेजी की अध्यापिका हैं। वे अपने छात्रों को सीखने की प्रेरणा देने तथा उनका आत्मविश्वास और बढ़ाने के लिए एक गीत का उपयोग करती हैं जिससे वे उनका ध्यान उस अंग्रेजी की ओर खींचती हैं जो वे पहले से इस्तेमाल करते हैं और अपने इर्द–गिर्द सुनते हैं।

हाल ही में मैंने देखा कि फिल्म English Vinglish का एक नया गीत मेरे छात्रों में बहुत लोकप्रिय है। जब वे अपने स्कूल का दिन खत्म करते हैं और घर की ओर निकलते हैं तब मैं उन्हें अक्सर इसे गाते सुनती हूँ। मैंने उन्हें यह गाते सुनाः

मैंने देखा कि उस गीत में बहुत सारे अंग्रेजी शब्द थे, और कि वह अंग्रेजी सीखने के बारे में था। मैं इस बारे में अधिक पता लगाना चाहती थी कि वह गीत किस विषय में है, और क्या मैं उसका उपयोग अपने अध्यापन में कर सकती हूँ।

पहले मुझे उस गीत को ठीक से सुनना था। मेरे सहकर्मी ने हाल ही में एक नया स्मार्टफोन लिया था। मैंने उनसे पूछा कि क्या वे गीत को डाउनलोड कर सकती हैं। उन्होंने मुझे बताया कि मैं शायद गीत के बोलों का पता भी लगा सकती हूँ और मैंने ऐसा ही किया (देखें संसाधन 2)। मैंने खाली पीरियड के दौरान उन्हें लिख लिया। मैंने अपनी सहकर्मी से पूछा कि क्या वे अगले दिन की मेरी माध्यमिक अंग्रेजी कक्षा के लिए मुझे अपना फोन काम में लेने देंगी और उन्होंने सहर्ष मुझे अपना फोन सौंप दिया।

उस शाम मैं गीत के बारे में सोच रही थी। उसमें हिंदी और अंग्रेजी दोनों का उपयोग क्यों किया गया? उन ’हिंगलिश’ शब्दों का क्या अर्थ है? कक्षा में उस गीत के साथ मैं किस प्रकार की गतिविधियाँ कर सकती हूँ?

अगले दिन, मैंने अपने छात्रों से कहाः

पहले मैंने गीत को आंशिक रूप से सुनाया। मेरे शुरू करते ही, मुझे अपने छात्रों के चेहरों पर बड़ी मुस्कुराहटें नजऱ आईं। मैंने उनसे पूछा कि क्या वे मुझे बता सकते हैं कि वह क्या गीत था। उनमें से लगभग सभी ने उसे पहचान लिया और फिल्म English Vinglish के बारे में बताया और कि कैसे उस फिल्म में गृहिणी अंग्रेजी सीखना चाहती है।

तब मैंने अपने छात्रों को बताया कि मैं उस गीत को दोबारा बजाने जा रही हूँ और मैंने उनसे उन्हें सुनाई देने वाले अंग्रेजी शब्दों को लिखने के लिए कहा। जब उन्होंने यह काम पूरा कर लिया, तो मैंने उनसे अपनी सूची की तुलना किसी अन्य छात्र की सूची से करने को कहा।

यह कठिन काम था क्योंकि कुछ शब्द अंग्रेजी में हैं, कुछ हिंदी में हैं और कुछ ’हिंगलिश’ या किसी कल्पित भाषा में हैं। मैंने गीत को फिर से बजाया और उन्होंने फिर से किसी अन्य छात्र के साथ मिलान करके देखा कि उन सबके पास समान शब्द हैं या नहीं।

मैंने उनसे पूछा कि क्या वे गीत के सभी शब्दों का अर्थ जानते हैं। एकमात्र शब्द जिसके बारे में वे निश्चित नहीं थे वह था ’bonding’। एक छात्र जानना चाहता था कि ’Aflatoon’ असली अंग्रेजी शब्द है या नहीं।

मैंने उस कक्षा में उस गीत के साथ उतना ही काम करने की योजना बनाई थी, लेकिन मेरे छात्र उस पर चर्चा करने के लिए बहुत प्रेरित और उत्सुक थे। अगले दिन English Vinglish गीत और फिल्म से मिले विचारों के आधार पर मैंने भारत में अंग्रेजी के उपयोग के बारे में एक चर्चा आयोजित करने का निश्चय किया।

पहले मैं सोचा करती थी कि मेरी कक्षाओं में गीतों का उपयोग करना महज मज़े की चीज थी। अब मुझे पता चल गया है कि छात्र गीतों से बहुत–कुछ सीख सकते हैं और ऐसा करने में आनंद महसूस करते हैं।

गतिविधि 3: कक्षा में आजमाएं – कक्षा में गीतों का उपयोग करना

केस स्टडी 2 की श्रीमती सिंह की तरह, आप अपनी कक्षा में किसी गीत को आजमा सकते हैं। मार्गदर्शन के लिए इन चरणों का उपयोग करें:

  1. कोई ऐसा अंग्रेजी से युक्त गीत चुनें जिसका उपयोग आप अपनी कक्षाओं में कर सकते हैं। कुछ ऐसा चुनें जिससे छात्र परिचित हों और जो उनके लिए रोचक हो, और जिसकी अंग्रेजी का स्तर बहुत अधिक कठिन न हो।
  2. यदि संभव हो, तो गीत की ऑडियो रिकार्डिंग प्राप्त करें (स्मार्टफोन, एमपी3/4 प्लेयर पर, या सीडी पर)। आप उसे मोबाइल फोन पर इंटरनेट से डाउनलोड या रिकॉर्ड कर सकते हैं। आप कक्षा में कुछ सस्ते पोर्टेबल स्पीकर या सीडी प्लेयर ला सकते हैं। (अपनी कक्षा में ऑडियो का उपयोग करने के बारे में सलाह के लिए इकाई ‘अंग्रेजी में सुनने में अपने छात्रों की सहायता करना’ देखें।) गीत के बोलों की एक प्रति भी उपयोगी हो सकती है – इन्हें आम तौर पर सीडी के जैकेटों या किसी वेबसाइट पर पाया जा सकता है।
  3. अपने छात्रों का परिचय गीत से कराएं। उन्हें सुनाई देने वाले अंग्रेजी शब्दों को सुनने और लिखने के लिए कहें। गीत को बजाने के बाद, छात्रों से अपनी शब्दों की सूची की तुलना किसी अन्य छात्र के साथ करने को कहें।
  4. गीत को फिर से बजाएं और छात्रों से पुनः अपनी सूची की तुलना किसी अन्य छात्र के साथ करने को कहें।
  5. अपने छात्रों से पूछें कि क्या उन्हें सुनाई दिए शब्दों के बारे में उनके कोई प्रश्न हैं। उनसे आपको बताने के लिए कहें कि गीत किस बारे में है।

  6. . गीत को एक आखिरी बार बजाएं और छात्रों से कहें कि यदि वे चाहें तो उसके साथ–साथ गा सकते हैं।

विचार के लिए रुकें

इस गतिविधि को आजमाने के बाद विचार करने के लिए यहाँ कुछ प्रश्न दिए गए हैं। यदि संभव हो, तो इन प्रश्नों की चर्चा किसी सहकर्मी के साथ करें।

  • जब आपने गीत बजाया तो छात्रों ने किस तरह की प्रतिक्रिया की? क्या वे गतिविधि का आनंद लेते दिखाई दिए?
  • अंग्रेजी शब्दों को लिखना उन्हें कितना आसान लगा? इससे उनके अंग्रेजी के स्तर के बारे में आपको क्या पता चला?

  • क्या आपको गतिविधि में किसी बिंदु पर हस्तक्षेप या प्रोत्साहित करने की जरूरत पड़ी? अगली बार इस गतिविधि को करते समय आप क्या बदल सकते हैं?

अधिकांश छात्रों को संगीत पसंद होता है और वे अंग्रेजी के गीतों या अंग्रेजी शब्दों से युक्त गीतों को सुनने और उनके साथ गाने का आनंद लेते हैं। आप छात्रों से चर्चा के लिए अगले गीत का चुनाव करने को कह सकते हैं। हो सकता है उनके पास कोई विशेष गीत हो जिसे वे अंग्रेजी में बेहतर ढंग से समझना चाहते हों। आप गीतों के अंग्रेजी शब्दों को स्थानीय भाषाओं में अनुवाद करने, या स्थानीय गीतों को अंग्रेजी में अनुवाद करने का प्रयास कर सकते हैं। आपकी कक्षाओं में गीतों का उपयोग करने के लिए अन्य विचार संसाधन 3 में हैं।

2 विज्ञापनों का उपयोग करना

4 अंग्रेज़ी को कक्षा के भीतर और बाहर जोड़ना